हरिद्वार से पाकिस्तान के लिए करोड़ों का लेन-देन करने वाली सोनम सिर्फ मोहरा, पूरे खेल में असली मास्टरमाइंड पूजा 

पाकिस्तान से होने वाले करोड़ों रुपए के संदिग्ध ट्रांजेक्शन मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। इस पूरे खेल में मुख्य भूमिका निभाने वाली सोनम तो सिर्फ एक मोहरा थी असली मास्टरमाइंड उसकी सहेली और 26 वर्षीय पूजा है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पूजा को भी अरेस्ट कर लिया है और उसे अपने साथ कश्मीर ले गई है। पूजा इस पूरे खेल की असली मास्टरमाइंड निकली। उसी ने सोनम से कश्मीरी हैंडलर्स से मुलाकात कराई और कमीशन पर मोटी कमाई का लालच दिया। दोनों तंगहाली में जी रहे थे और इससे उन्हें रातों-रात अमीर बनने का लालच मिला। पूजा भी जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर लंबे समय से नेटवर्क के लिए काम कर रही थी। पुलिस ने उसके पास से कई संदिग्ध एटीएम कार्ड बरामद किए हैं, जिससे इस नेटवर्क के तार बेहद गहरे होने के संकेत मिले हैं।पुलिस सूत्रों का दावा है कि गिरफ्तार सोनम की सहेली पूजा काफी समय से इस अवैध ट्रांजेक्शन सिंडिकेट का हिस्सा थी। वह अलग-अलग फर्जी और बेनामी बैंक खातों का इस्तेमाल कर करोड़ों की रकम इधर से उधर ट्रांसफर कर रही थी।

- Advertisement -

इस काम के बदले उसे मोटा कमीशन मिलता था। जम्मू कश्मीर पुलिस की तलाशी के दौरान उसके पास से विभिन्न बैंकों के कई एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल वह रकम निकालने और ट्रांसफर करने के लिए करती थी। इसके अलावा मोबाइल में कॉल डिटेल भी मिली हैं। सूत्रों की मानें तो जांच में यह बात सामने आई है कि सोनम की सहेली पूजा जम्मू-कश्मीर में बैठे उमर नाम के एक संदिग्ध शख्स के लगातार और सीधे संपर्क में थी। उमर ही उसे पाकिस्तान से आने वाले फंड को खपाने के निर्देश देता था। इसी बीच सोनम और उसकी सहेली पूजा की मुलाकात एक कॉलेज में पढ़ाने के दौरान हुई थी। सोनम ने अपनी सहेली पर भरोसा करके अपने घर की आर्थिक तंगी का जिक्र किया था। सहेली ने मदद करने के बहाने सोनम का संपर्क सीधे उमर से करवा दिया। उसने सोनम को ब्रेनवाश करते हुए कहा था कि इस काम में बहुत बड़ा मुनाफा है और पकड़े जाने का कोई खतरा नहीं है। बस कुछ खातों में पैसे ट्रांसफर करने हैं और घर बैठे मोटी कमाई होगी।

- Advertisement -

पुलिस के अनुसार, आसफ नगर निवासी पूजा के पिता गैस एजेंसी की गाड़ी के चालक हैं। बताया जा रहा है कि बेटी के राज से पर्दा उठने के बाद पूरा परिवार सदमे में है और किसी से बातचीत करने को तैयार नहीं है। परिवार के लोगों को विश्वास नहीं हो रहा है कि उनकी बेटी इस तरह का काम कर सकती है। बताया जा रहा है कि परिवार ने आसपास के लोगों से दूरी बना ली है और कुछ भी कहने से बच रहा है। आर्थिक तंगी से गुजर रही सोनम कथित तौर पर अपनी सहेली और उसके परिचितों की बातों में आ गई। सूत्रों के मुताबिक परिवार की जिम्मेदारियों और जल्दी पैसा कमाने की चाह ने उसे ऐसे काम की ओर धकेला, जिससे अब वह जांच के घेरे में है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसके और पूजा के जरिए कितनी रकम का लेनदेन हुआ और उस पैसे का इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था। इलाके में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version