ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में बाइक सवारों ने रोडवेज बस पर किया पथराव, यात्रियों में मची चीख-पुकार

नेशनल हाईवे -74 पर ओवरटेक को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कुछ युवकों ने पहले रोडवेज बस चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की और बाद में बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। अचानक हुए इस हमले से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी के साथ चीख-पुकार मच गई। टनकपुर डिपो की रोडवेज बस संख्या (यूपी 07-2905) बुधवार को टनकपुर से सवारियां लेकर दोपहर ढाई बजे हरिद्वार जा रही थी।बस पर संविदा चालक के रूप में तैनात शारदा शंकर ने थाना पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि दोपहर बाद करीब तीन बजे गदरपुर क्षेत्र में उन्होंने एक बाइक सवार को ओवरटेक किया था।

- Advertisement -

इसी बात को लेकर बाइक सवार युवक गुस्से में आ गए और गदरपुर में प्रवेश करते ही बस रुकवाकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने चालक के साथ हाथापाई भी की। सूचना पर गदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुके थे। चालक ने कोतवाली में तहरीर दी और सवारियों को लेकर हरिद्वार के लिए रवाना हो गया। आरोप है कि गदरपुर-केलाखेड़ा मार्ग पर मडैया रत्ना के पास चार-पांच युवकों ने दोबारा बस को रोकने का प्रयास किया। चालक द्वारा बस नहीं रोकने पर युवकों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे बस का शीशा टूट गया। इसके बाद चालक बिना रुके सीधे दोराहा पुलिस चौकी पहुंचा और घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना पर गदरपुर, केलाखेड़ा और बाजपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।

- Advertisement -

बस चालक द्वारा तहरीर दी गई है तहरीर के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है तहरीर के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत किया जाएगा और आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
– संजय पाठक, कोतवाली प्रभारी गदरपुर

- Advertisement -
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version