नैनीताल की नैसर्गिंग सुंदरता में समय बिताने पहुंचे मध्यप्रदेश के दम्पती की खुशिया एक घटना से मातम में बदल गई। जोखिया क्षेत्र में होटल कक्ष के बाहर बालकनी में खेल रहा पर्यटक का तीन वर्षीय बेटा असंतुलित होकर करीब 20 फीट नीचे गिर गया। आनन-फानन स्वजन उसे पहले नैनीताल फिर हल्द्वानी लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली के लिए रेफर तो किया गया, लेकिन मासूम ने दिल्ली पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के मुताबिक रानापुर जागुआ मध्य प्रदेश निवासी विशाल सोनी परिवार के साथ घूमने नैनीताल आए हुए थे। यहां वह भवाली रोड स्थित जोखिया के एक होटल में ठहरे हुए थे।
रविवार सुबह परिवार के सभी बच्चे कमरे के बाहर बालकनी में खेल रहे थे। तभी बालकनी की रेलिंग में शीशा नहीं होने के कारण तीन वर्षीय गौरांत असंतुलित होकर करीब 20 फीट नीचे गिर गया।यह देख स्वजनों की चींख पुकार मच गई। आनन-फानन स्वजन उसे बीडी पांडे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हल्द्वानी में भी सीटी स्कैन व अन्य जांच में बच्चे के सिर व गर्दन में फेक्चर होने की पुष्टि हुई तो उसे दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया। पिता विशाल सोनी ने बताया कि दिल्ली पहुंचने से 20 किमी पहले ही गौरांत बेसुध हो गया था। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
