चंपावत में कैलास मानसरोवर यात्रा के लिए टनकपुर पहुंचे 51 सदस्यीय प्रथम दल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले सीएम ने दर्शनार्थियों को संबोधित करते हुए स्वागत एवं अभिनंदन किया। कहा कि भगवान शिव से सुरक्षित यात्रा की मंगलकामना करता हूं। 140 करोड़ का देश और 49 लोगों को जाने का अवसर मिला है, यह शिव का आशीर्वाद है। कहा कि पहले दल को यहां से रवाना करना उनका प्रशासनिक दायित्व नहीं बल्कि भगवान भोलेनाथ के चरणों में नतमस्तक होने का सौभाग्य मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जिस तरह वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा दे रहे हैं। उसी तरह से आप भी वहां के स्थानीय उत्पाद खरीद कर वहां के स्थानीय उत्पादकों को प्रोत्साहित करें। कहा कि वह कैलाश मानसरोवर यात्रा के दर्शन को जा रहे हैं तो वहां से वापस लौटकर वह अपने-अपने राज्यों में जब जाएंगे तो उत्तराखंड के ब्रांड एम्बेसडर बनकर जाएंगे।
