अल्मोड़ा में एमटीएस भर्ती परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा, असली उम्मीदवार की जगह दे रहा था परीक्षा

अल्मोड़ा में गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, कोसी-कटारमल में आयोजित एमटीएस (समूह-ग) भर्ती परीक्षा में कथित तौर पर फर्जी अभ्यर्थी के परीक्षा देने का मामला सामने आया है। संस्थान प्रशासन ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए कोतवाली सोमेश्वर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारी सजीष कुमार पीवी की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के तहत एमटीएस के एक पद के लिए बीते शनिवार सुबह 10 बजे लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में कुल 12 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात निरीक्षकों को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, हालांकि परीक्षा बाधित न हो, इसलिए उसे पूरी होने दी गई।

- Advertisement -

परीक्षा समाप्त होने के बाद निरीक्षकों ने संबंधित अभ्यर्थी से गहन पूछताछ और दस्तावेजों का सत्यापन किया। जांच में आरोप है कि परीक्षा कक्ष में अमित कुमार निवासी कैथल (हरियाणा) के स्थान पर साहिल निवासी जींद (हरियाणा) परीक्षा दे रहा था। पूछताछ के दौरान साहिल ने भी कथित रूप से स्वीकार किया कि वह अमित कुमार के स्थान पर परीक्षा में शामिल हुआ था। संस्थान प्रशासन ने इस पूरे मामले को भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी गंभीर अनियमितता बताते हुए पुलिस से आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर के साथ संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। मामला सामने आने के बाद भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

- Advertisement -
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version