अल्मोड़ा

गिरधारी लाल शाहू ने कहा कि रोड पर खड़ी महिला को कहां से कहां पहुंचा दिया, मंत्री रेखा आर्या के आरोप पर दिया बयान

सुरेन्द्र सिंह रावत By सुरेन्द्र सिंह रावत Oct 16, 2026 21:15 • 18 views • 0 Comments
गिरधारी लाल शाहू ने कहा कि रोड पर खड़ी महिला को कहां से कहां पहुंचा दिया, मंत्री रेखा आर्या के आरोप पर दिया बयान

उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण और बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को अपने पति के खिलाफ जान से मारने की साजिश रचने, जालसाजी करने और जातिगत प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए देहरादून में एक मामला दर्ज कराया था। साथ ही रोते हुए एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें उन्होंने पति पर दूसरी महिला से संबंध होने और धोखा देने का आरोप लगाया था। जिसके बाद अब इस मामले में उनके पति गिरधारी लाल साहू ने अपनी पत्नी पर पलटवार किया है। इस दौरान साहू ने शुक्रवार को अपना एक वीडियो जारी करते हुए पत्नी के लगाए आरोपों को सरासर झूठा बताया। साहू ने कहा कि मैंने आपको सड़क से उठाकर कहां से कहां पहुंचा दिया और आज आप घमंड में मुझ पर आरोप लगा रही हैं। उन्होंने अपनी पत्नी पर भ्रष्टाचार के जरिए 200 करोड़ रुपए का साम्राज्य बनाने का आरोप भी लगाया और आरोप वापस ना लेने पर अपनी पत्नी के भ्रष्टाचार की पोल खोलने की धमकी भी दी।

अपने शेयर किए वीडियो में गिरधारी लाल साहू ने पत्नी को घमंड में चूर बताया और उनकी तरफ से जारी की गई ऑडियो रिकॉर्डिंग को AI से बना बताया। साहू ने आरोप लगाते हुए कहा कि 'माननीय मंत्रीजी, मैं आपसे एक निवेदन करना चाहूंगा, जिस ऑडियो को आपने डाला है, वह ऑडियो एआई से बनाई गई है, घर तोड़ने के लिए बनाई गई है।' आगे अपनी पत्नी के लिए उन्होंने कहा, 'अभी आप केवल घमण्ड में चूर हैं, और आपके दिमाग में एक चीज भरी हुई है मैं जब तक जिंदा रहूंगी, तब तक मंत्री रहूंगी, नेता रहूंगी। ऐसा नहीं है, जीवन में उतार-चढ़ाव आते हैं। इससे आगे पत्नी पर वार करते हुए गिरधारी लाल ने कहा, 'हो सकता है आज तुम ताकत में हो, लेकिन तुम वो दिन भूल गई कि मैंने तुम्हें कहां से कहां पहुंचा दिया, रोड पर खड़ी महिला को मैंने कहां पहुंचा दिया। ये बात पूरे उत्तराखंड को मालूम है कि एक सड़क पर खड़ी हुई महिला को, जो शादी के बाद दो सलवार-कुर्ता में आईं थी उसे मैंने कहां से कहां पहु्ंचा दिया। आज आप मेरे ऊपर आक्रमण कर रही हो। मैं बहुत ईमानदारी से कह रहा हूं, कि यदि तुमने अपनी फर्जी तहरीर और बयान वापस नहीं लिया तो भोले बाबा तुमसे चुन-चुनकर हर चीज का हिसाब लेंगे।

इसके बाद साहू ने अपनी पत्नी से भगवान की कसम खाकर अपने आरोपों पर दोबारा सोचने के लिए कहा और उन्हें उनके किए भ्रष्टाचार की याद दिलाई। साहू ने कहा, 'मेरी प्रार्थना है कि तुम गंभीरता से इस चीज के बारे में सोचो, कि तुमने जो भी फर्जी आरोप मुझ पर लगाए हैं वो निराधार हैं। तुम गोलू बाबा की कसम खाकर कहो कि साहूजी ने मेरा उत्पीड़न किया, साहूजी ने मुझे कभी गालियां दी हों, साहूजी ने कभी मेरे भ्रष्टाचार के पैसे लिए हों, जबकि साहूजी ने हमेशा ये कहा होगा कि भ्रष्टाचार मत करो, मत करो, इन बच्चों का जो राशन है वो मत काटो। आज और भी तो मंत्री हैं, उनका नाम भ्रष्टाचार में नहीं हैं, लेकिन तुम्हारा पूरा नाम पूरे देश में भ्रष्टाचार में है। तुमने भ्रष्टाचार की चरमसीमा भी क्रॉस कर दी। गिरधारी लाल साहू ने इसके आगे अपनी पत्नी रेखा आर्या को पत्नी धर्म याद दिलाते हुए एकबार फिर कहा कि मैंने तुम्हारे लिए क्या कुछ नहीं किया और इस बारे में हमारे क्षेत्र की जनता बिल्कुल अच्छे से जानती है। उन्होंने कहा, 'मैं पुनः तुमसे निवेदन करना चाहूंगा, तुम सही दिमाग का इस्तेमाल करो, सही फैसला लो, अभी सब चीजें ईश्वर ठीक कर सकता है, ईश्वर की आराधना करो, अपने मन को साफ करो, तुमने मुझ पर जो आरोप लगाया है, ऐसे आरोप कोई पत्नी अपने पति पर नहीं लगाएगी। ये पूरी विधानसभा को मालूम है कि साहूजी ने तुम्हें कहां से कहां तक पहुंचा दिया। ये सबको मालूम है कि पिछले 17 वर्षों में मैंने इनके लिए क्या-क्या नहीं किया। चुनाव लड़ाने से लेकर लोगों के सामने हाथ जोड़ने से लेकर झोली फैलाने तक। आज मेरे ऊपर ये आरोप लगा रही हैं।

वीडियो के अंत में साहू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अपनी पत्नी के भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कराने की मांग की और उन्हें याद दिलाया कि वो एकबार पहले भी उनसे इस बारे में शिकायत कर चुके हैं। उन्होंने कहा, 'मेरे मुख्यमंत्री जी आप मेरे मित्र भी हैं, मेरे भाई भी हैं, मैं आपसे अपील करना चाहूंगा कि आप न्याय करें।' साहू ने कहा, 'मुख्यमंत्री जी अगर आपको ध्यान हो तो इनके भ्रष्टाचार की शिकायत मैंने आपसे भी की थी, कि ये भ्रष्टाचार करना नहीं मान रही हैं और इससे बहुत बदनामी हो रही है। जिसके बाद आपने इनको डांट भी लगाई थी। तो मेरी आपसे प्रार्थना है कि किसी भी एजेंसी से इनकी जांच करा लो, जिस महिला के पास 5 रुपए ना हो, आज उसके पास 210 करोड़ रुपए की संपत्ति अवैध रूप से है, जिसको मैं विस्तार से बताने का काम करूंगा। धन्यवाद।

सुरेन्द्र सिंह रावत

सुरेन्द्र सिंह रावत

Verified Reporter

Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.

Enjoyed this article?

Share it with your friends and colleagues.

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment