देहरादून में दर्दनाक सड़क हादसा एक ही परिवार के तीन समेत चार लोगों की मौत, कार काटकर निकाले शव
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Nov 04, 2026 21:10
•
20 views
•
0 Comments
देहरादून के मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई इनमें से तीन लोग सहारनपुर के एक ही परिवार के हैं। खाद से भरा एक कंटेनर रंबल स्ट्रिप पार करते ही बगल में चल रही आई-20 कार के ऊपर पलट गया। कार कंटेनर के नीचे दब गई। कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह साल के बच्चे को पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे के बाद कंटेनर चालक और परिचालक मौके से भाग हो गए।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मोहब्बेवाला चौक पर सहारनपुर से देहरादून आ रही आई-20 कार के बराबर से खाद से भरा कंटेनर गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों कि रंबल स्ट्रिप पार करने के बाद अचानक कंटेनर अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कंटेनर के नीचे दबी कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। सबसे पहले हाइड्रा के सहारे कंटेनर को कार के ऊपर से हटाया गया। इसके बाद दो कटर की मदद से कार की छत काटकर अलग की गई। काफी मशक्कत के बाद छह वर्षीय माहेर कपूर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कार में सवार चार अन्य लोगों को निकालकर दो एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मिश्रेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), मां किरण कपूर (63) निवासी गोकुल धाम कॉलोनी, सहारनपुर और कार चालक नीरज निवसी सहारनपुर के रूप में हुई है। हादसे में मिश्रेष कपूर का छह वर्षीय बेटा माहेर घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि कार दीपेश कपूर के नाम पर पंजीकृत है। सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि हादसे के बाद कंटेनर का चालक और परिचालक वाहन से कूदकर भाग गए। उनकी तलाश की जा रही है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!

