महेंद्र भट्ट का भी DNA टेस्ट होना चाहिए, कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने किया भाजपा पर तीखा हमला
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Nov 04, 2026 09:46
•
160 views
•
0 Comments
उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत के जैनी प्रकरण पर कांग्रेस नेतृत्व की जवाबदेही और सार्वजनिक जीवन में नेताओं के आचरण को लेकर सवाल उठाए हैं। इस प्रकरण पर हरक सिंह रावत की पत्नी दीप्ती रावत भी वीडियो जारी कर कह चुकी हैं कि हरक सिंह रावत की पत्नी वह हैं। उन्होंने मामले में अदालत जाने की चेतावनी दी थी। अब हरक सिंह रावत खुद इस प्रकरण पर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि वह डीएनए जांच करा चुके हैं और पाक-साफ निकले हैं। उन्होने सवाल उठाने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर निशाना साधा और उनके डीएनए जांच की मांग उठा दी। कहा कि वह इस मुद्दे को दोबारा उछालकर क्या साबित करना चाहते हैं?
कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने जेनी प्रकरण को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर तीखा हमला बोला है। हरक ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले में डीएनए जांच और सीबीआई जांच, दोनों से पूरी तरह बेदाग और पाक-साफ निकल चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वह जांच में निर्दोष साबित हो चुके हैं, तो अब इस मुद्दे को दोबारा उछालकर भाजपा अध्यक्ष खुद क्या साबित करना चाहते हैं। हरक सिंह रावत ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा इस तरह की बचकानी बयानबाजी कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही सभी भ्रष्ट मंत्रियों के मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि जैनी प्रकरण की सीबीआई जांच में पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को भले ही राहत मिल गई हो। लेकिन पूर्व कैबिनेट मंत्री की पत्नी के वायरल वीडियो ने जैनी कांड की दिशा ही बदल दी है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री की पत्नी दीप्ति रावत के अनुसार वह डॉ रावत की पत्नी है और उन्होंने इस बारे में दूसरी ओर से हो रहे दावों को खोखला बताते हुए निजी जीवन में हस्तक्षेप भी बताया। यहीं से पत्नी को लेकर कौतूहल बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि उनके कथन से पूर्व भाजपा की ओर उनके पारिवारिक जीवन पर किसी तरह से कोई आक्षेप नहीं किया गया। नौटियाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनकी एक करीबी के जमींन विवाद में नाम आने के बाद और उसी समय पूर्व मंत्री की पत्नी के दावे से उलझन बढ़ी है। इस मामले में पूर्व मंत्री को स्थिति स्पष्ट कर देनी चाहिए।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!

