अल्मोड़ा

अल्मोड़ा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन, जिला निर्वाचन कार्यालय का घेराव, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

सुरेन्द्र सिंह रावत By सुरेन्द्र सिंह रावत Sep 28, 2026 16:49 • 1 views • 0 Comments
अल्मोड़ा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन, जिला निर्वाचन कार्यालय का घेराव, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया तथा आपत्तियों के निस्तारण को लेकर राजनीतिक दलों और आम मतदाताओं की ओर से उठाए जा रहे सवालों का पारदर्शी ढंग से समाधान होना आवश्यक है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्णयों और कार्यप्रणाली को लेकर यदि विपक्षी दलों तथा आम मतदाताओं के बीच सवाल उठ रहे हैं, तो आयोग को उन सवालों का स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी ऐसी प्रक्रिया का विरोध करेगी जिससे मतदाताओं के अधिकार प्रभावित होने की आशंका पैदा हो। उन्होंने मांग की कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए तथा जिन शिकायतों और आपत्तियों को राजनीतिक दलों की ओर से उठाया जा रहा है, उनका निष्पक्ष परीक्षण किया जाए। अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और मतदाता का विश्वास चुनावी व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हर निर्णय पारदर्शी और सभी राजनीतिक दलों के प्रति समान व्यवहार पर आधारित होना चाहिए। यदि किसी प्रक्रिया को लेकर व्यापक स्तर पर सवाल उठ रहे हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच और उचित समाधान होना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से हटना लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। इसलिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया में उचित सत्यापन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।प्रदर्शन के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी अल्मोड़ा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से बर्खास्त करने की मांग की गई। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच तथा निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और कांग्रेस लोकतंत्र तथा मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी, कार्यक्रम मे विधायक मनोज तिवारी, प्रकाश चंद्र जोशी, दीप सिंह डांगी, बीके पांडे, भुवन गहरवाल, देवेंद्र धोनी, किरन आर्य, गोपाल सिंह चौहान, नवीन चंद्र कोहली, महेश चंद्र, अम्बीराम, जगदीश तिवारी, पूरन चंद्र पांडे, केवल सती, विनोद वैष्णव, कवीन्द्र पंत, आनंद सिंह बिष्ट, नारायण दत्त पांडे, भावना जोशी, दिनेश पिलख्वाल, इंतखाब आलम कुरैशी, दानिश खान, मनोज रावत, राजेंद्र सिंह बिष्ट, तारा चन्द्र जोशी, अनूप भारती, मुकेश कुमार डैनी, सुशील साह, भैरव गोस्वामी, हरीश आर्य, डी डी कोहली, शेष राम, हरीश लाल, मनोज वर्मा, पूरन रौतेला, दिनेश पिलख्वाल, गजेन्द्र फर्त्याल, गोविंद मेहरा, शशांक माहेश्वरी, आशु गोस्वामी, परितोष जोशी, गोविंद लाल बल्टियाल, निर्मल रावत, जया जोशी, आनंद बिष्ट, सुरेंद्र कुमार, गुंजन चम्याल, अमर बिष्ट, रुचि कुटौला, दिनेश पांडे, जगदीश तिवारी, किरन आर्य, नरेंद्र कुमार उडियारी, राजू कनवाल, विवेक कार्की, तारा चन्द्र साह, कार्तिक साह, देवेंद्र बिष्ट गुड्डू, रवींद्र टम्टा, अभिनव मेहरा, नाथ सिंह धानक, मनोज बिष्ट, वैभव पांडे, नवीन कोहली, प्रदीप कुमार, संजय वाणी, अख्तर हुसैन, राज चौहान, रानीखेत जिला अध्यक्ष दीपक किरौला, नारायण सिंह रावत, नंदन सिंह रावत, दीपक कुमार, प्रकाश अधिकारी, मनोज रावत आदि मौजूद रहे।

सुरेन्द्र सिंह रावत

सुरेन्द्र सिंह रावत

Verified Reporter

Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.

Enjoyed this article?

Share it with your friends and colleagues.

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment