अल्मोड़ा में भूमि बचाओ, धामी सरकार हटाओ के नारों से गूंजा गांधी पार्क, कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Nov 07, 2026 11:00
•
12 views
•
0 Comments
अल्मोड़ा सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के विरोध में शुक्रवार को अल्मोड़ा के स्थानीय गांधी पार्क में कांग्रेस ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 'भूमि बचाओ, सरकार हटाओ' के नारे लगाए और धामी सरकार पर सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने का आरोप लगाया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में गुंडा और माफिया राज को बढ़ावा मिल रहा है तथा सरकार सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने का काम कर रही है। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की सरकारी संपत्तियों को कहीं बेचने तो कहीं निजी हाथों में सौंपने का काम कर रही है, जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है।
उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा के कटारमल स्थित निरीक्षण भवन और लोक निर्माण विभाग के सरकारी गेस्ट हाउस को निजी हाथों में सौंपने के फैसले के विरोध में कांग्रेस ने आंदोलन शुरू किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो कांग्रेस जनता को साथ लेकर सरकार के खिलाफ और अधिक उग्र आंदोलन करेगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकारी संपत्तियों को बचाने की यह लड़ाई पूरे प्रदेश में जारी रहेगी।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!

