देहरादून

देहरादून में भीषण सड़क हादसा, कार पर पलटा कंटेनर, चार लोगों की दर्दनाक मौत

सुरेन्द्र सिंह रावत By सुरेन्द्र सिंह रावत Nov 05, 2026 10:03 • 7 views • 0 Comments
देहरादून में भीषण सड़क हादसा, कार पर पलटा कंटेनर, चार लोगों की दर्दनाक मौत

देहरादून के मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। सहारनपुर से देहरादून आ रही कार पर प्लास्टिक दाने से भरा एक भारी-भरकम कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि कार कंटेनर के नीचे बुरी तरह दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार चार लोगों की जान चली गई, जबकि छह साल के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार, सहारनपुर से देहरादून आ रही आई-20 कार मोहब्बेवाला चौक से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहा करीब 20 टायरों वाला प्लास्टिक दाने से भरा कंटेनर रॉन्ग साइड पार करने के बाद अचानक अनियंत्रित हो गया और कार के ऊपर पलट गया। भारी-भरकम कंटेनर के नीचे कार पूरी तरह दब गई।

AdvertisementDiwali

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। सबसे पहले कंटेनर को कार के ऊपर से हटाया गया। इसके बाद कटर की मदद से कार की छत काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। काफी मशक्कत के बाद छह वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि चार अन्य लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान विशेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), उनकी मां किरण कपूर (63) और कार चालक नीरज निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। विशेष कपूर सहारनपुर के एक कारोबारी परिवार से थे। बताया जा रहा है कि परिवार देहरादून में रहने वाले अपने परिचितों से मिलने आ रहा था। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत से सहारनपुर में भी शोक की लहर है।

AdvertisementDiwali 2

शुरुआती जांच में पुलिस ने कंटेनर के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई है। बताया गया कि कंटेनर काफी दूर से तेज रफ्तार में आ रहा था और रॉन्ग साइड पार करते समय अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। पुलिस ने कंटेनर चालक और परिचालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद मोहब्बेवाला क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

सुरेन्द्र सिंह रावत

सुरेन्द्र सिंह रावत

Verified Reporter

Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.

Enjoyed this article?

Share it with your friends and colleagues.

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment