हरिद्वार में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। एसएसपी नवनीत भुल्लर ने सख्त रुख अपनाते हुए इंस्पेक्टर दिगपाल कोहली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला हरिद्वार के खानपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई थी। आरोप है कि इस संवेदनशील मामले में थाना स्तर पर अपेक्षित तत्परता और जिम्मेदारी नहीं दिखाई गई, जिस पर एसएसपी ने कड़ा संज्ञान लिया।
एसएसपी नवनीत भुल्लर ने स्पष्ट कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में विफल रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
