रुद्रप्रयाग में घास लेने गई महिला गदेरे में बही, एसडीआरएफ ने बरामद किया शव
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Aug 02, 2026 15:42
•
12 views
•
0 Comments
रुद्रप्रयाग जनपद के सेमकोटी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में घास लेने गई महिला की गदेरे में बहने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और जल पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोज एवं बचाव अभियान चलाया और महिला का शव बरामद कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र के अनुसार रविवार सुबह 11:32 बजे ग्राम प्रधान सेमकोटी ने सूचना दी कि ग्राम स्वारा नामी तोक में तिमली से आगे एक महिला घास लेने गई थी। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गदेरे के तेज बहाव में बह गई।
सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र ने तत्काल जल पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ बसुकेदार की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया। राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से महिला की तलाश शुरू की। करीब 12:30 बजे ग्राम प्रधान ने जिला प्रशासन को जानकारी दी कि एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने महिला का शव गदेरे से बरामद कर लिया है। इसके बाद शव को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मृतका की पहचान श्रीमती विनीता देवी (38 वर्ष), पत्नी श्री हिम्मत सिंह नेगी, निवासी ग्राम कोटी के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने बरसात के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों, गदेरों और नदी-नालों के आसपास अत्यधिक सतर्कता बरतने तथा जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!