बर्फ की सफेद चादर में सजा बाबा केदारनाथ का धाम, बर्फबारी के बीच भी दर्शन कर रहे श्रद्धालु
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Oct 30, 2026 13:43
•
94 views
•
0 Comments
केदारनाथ धाम ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। चारों ओर फैली बर्फ से धाम की खूबसूरती देखते ही बन रही है। शुक्रवार को भी धाम में बर्फबारी जारी रही। खराब मौसम और बढ़ती ठंड के बावजूद बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। बर्फ से ढकी चोटियों और धाम के नजारे को देखकर यात्री मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। धाम में लगातार गिरते तापमान के बीच प्रशासन और पुलिस की टीमें यात्रा व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े पहनने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने और मौसम के अनुरूप यात्रा करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने प्रतिकूल मौसम को देखते हुए यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। इधर, शुक्रवार सुबह से जनपद के निचले इलाकों में भी मौसम खराब बना रहा। जनपद मुख्यालय सहित गुप्तकाशी, फाटा, जखोली और ऊखीमठ में आसमान बादलों से ढका रहा। सुबह कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम में बदलाव और ठंड बढ़ने के कारण लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं। केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है।
29 अक्तूबर को 7,328 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इसके साथ ही धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 18,60,360 हो गई है। चारों ओर बर्फ की सफेद चादर, बीच में बाबा केदार का धाम और मनमोहक नजारे। बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई है, भक्त बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!
