ग्लासगो कॉमनवेल्थ 2026 में जूडो में उत्तराखंड की बेटी उन्नति शर्मा का जलवा, कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया देश का मान
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Aug 03, 2026 20:30
•
397 views
•
0 Comments
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में देहरादून की उन्नति शर्मा का शानदार प्रदर्शन रहा है, उन्नति शर्मा ने जूडो में कांस्य पदक जीता है, देहरादून उत्तराखंड के लिए खेल जगत से एक और गर्व की खबर सामने आई है, देहरादून की युवा जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर उन्नति ने न केवल भारत की झोली में एक और मेडल डाला, बल्कि उत्तराखंड का नाम भी वैश्विक मंच पर रोशन किया, उन्नति की इस उपलब्धि के बाद प्रदेश के खेल जगत में खुशी की लहर है और उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं, वहीं राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 63 किलो भार वर्ग में उन्नति शर्मा ने ये सफलता हासिल की है। ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्नति शर्मा ने दमदार प्रदर्शन रहा है, सेमीफाइनल मुकाबले में उनका सामना ऑस्ट्रेलिया की साया मिडलटन से हुआ, यह मुकाबला बेहद चुनौतीपूर्ण रहा, जिसमें उन्नति को इप्पोन के आधार पर हार का सामना करना पड़ा, हालांकि सेमीफाइनल में हार के बाद भी उन्होंने अपना आत्मविश्वास नहीं खोया, कांस्य पदक के मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की और भारत के लिए पदक सुनिश्चित किया, उन्नति शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका की स्काई नोएस्टर को इप्पोन के जरिए हराकर कांस्य पदक जीत लिया, उन्नति शर्मा ने महज एक मिनट सात सेकेंड में खत्म कर दिया, वहीं कठिन परिस्थितियों में वापसी कर पदक जीतने की उनकी क्षमता ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।
कोच सतीश शर्मा के मार्गदर्शन में सीखी बारीकियां, उन्नति शर्मा की सफलता किसी एक प्रतियोगिता का परिणाम नहीं है, बल्कि वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और लगातार बेहतर प्रदर्शन का नतीजा है, उनका जूडो सफर देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित जूडो हॉल से शुरू हुआ, जहां उन्होंने राष्ट्रीय जूडो कोच सतीश शर्मा के मार्गदर्शन में खेल की बारीकियां सीखी, शुरुआती दौर से ही उन्होंने अपने खेल और तकनीक से अलग पहचान बनाई, कोच की देखरेख में लगातार अभ्यास और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मिले अनुभव ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई, उन्नति ने अपने करियर के शुरुआती वर्षों में ही यह साबित कर दिया था कि उनमें बड़े मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता है, मणिपुर में आयोजित सब-जूनियर राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतने के साथ-साथ ‘सर्वश्रेष्ठ जुडोका’ का खिताब भी अपने नाम किया, इस उपलब्धि ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई, इसके बाद उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीते और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, इसी वर्ष आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उन्नति शर्मा ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड के लिए बड़ी उपलब्धि हासिल की थी।
राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण जीतने के बाद उनसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी और उन्होंने इन उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीत लिया, इससे यह भी साबित हुआ कि उत्तराखंड के खिलाड़ी अब केवल राष्ट्रीय स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं, देहरादून की डिफेंस कॉलोनी निवासी उन्नति शर्मा ने अपनी स्कूली शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल से प्राप्त की है, उनके पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, परिवार का सहयोग और खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, पढ़ाई के साथ-साथ नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के बीच उन्होंने खुद को लगातार निखारा और आज उसी मेहनत का परिणाम अंतरराष्ट्रीय पदक के रूप में सामने आया है, उत्तराखंड में पिछले कुछ वर्षों में खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों के प्रदर्शन में लगातार सुधार देखने को मिला है, राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद प्रदेश के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है, उन्नति शर्मा की यह उपलब्धि उसी बदलते खेल माहौल का सकारात्मक उदाहरण मानी जा रही है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!