चमोली में बड़ा हादसा, THDC की निर्माणाधीन टनल में हुआ भूस्खलन, 16 मजदूरों को निकाला कई अभी भी लापता
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Aug 13, 2026 21:37
•
203 views
•
0 Comments
चमोली में टीएचडीसी की विषणुगाड पीपल कोटी जल विद्युत परियोजना की टनल में भू-धंसाव हुआ है। इस हादसे में 2 से ज्यादा मजदूरों की मौत की सूचना है। टनल में फंसे लोगों में से अब तक 16 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना एवं अन्य संबंधित टीमें मौके पर मौजूद हैं। टनल में फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। ज्यादातर मजदूर झारखंड और छत्तीसगढ़ के बताए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं रेस्क्यू टीमों से स्थिति की जानकारी लेते हुए बचाव कार्यों को पूरी तत्परता एवं समन्वय के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेज दिया गया है। जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आवश्यकतानुसार हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!