गंगोलीहाट में 10 साल का रियांशु, अचानक गुलदार उठा ले गया, झाड़ियों में मिला शव
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Oct 04, 2026 11:18
•
16 views
•
0 Comments
उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में गुलदार के हमले की दर्दनाक घटना सामने आई है। गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर भंडारीगांव और खेतीगांव के बीच शनिवार शाम एक 10 वर्षीय बच्चे को गुलदार उठाकर ले गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब 5 बजे रियांशु पुत्र भगवान राम घर के आंगन में अपनी दादी के सामने खेल रहा था। इसी दौरान अचानक गुलदार वहां पहुंचा और बच्चे को उठाकर ले गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी। तलाश के दौरान बच्चे का शव घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में मिला। यह जगह मुख्य सड़क से करीब 250 मीटर की दूरी पर बताई गई है। रियांशु के पिता भगवान राम मजदूरी करते हैं। बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम वन दरोगा देवेंद्र सिंह महरा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम में अजय पल्याल, मनीषा, लक्ष्मी लुंठी और दीवान सिंह शामिल रहे। वहीं कोतवाली पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। कोतवाल कैलाश जोशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद आकिल सिद्दीकी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम में एसआई आकिल सिद्दीकी, हेड कांस्टेबल सुभाष, राजपाल, दिवाकर सिंह और वीरेंद्र गैंडा शामिल रहे। ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आसपास लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई थी। करीब एक सप्ताह पहले ग्राम प्रधान ने भी गुलदार की मौजूदगी और ग्रामीणों के बीच बने खतरे की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की थी।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते गुलदार को पकड़ने की कार्रवाई नहीं होने के कारण यह घटना हुई। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है। इसके अलावा ग्रामीणों ने मृतक बच्चे के परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने की मांग भी उठाई है। पुलिस और वन विभाग की टीम शव को गंगोलीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई है। मृत बच्चे का पोस्टमार्टम रविवार को गंगोलीहाट सीएचसी में कराया जाएगा।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!