मसूरी में भारी बारिश का कहर, कैंपटी रोड पर बहुमंजिला भवन हुआ धराशायी, जान बचाकर भागे लोग
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Aug 21, 2026 12:36
•
135 views
•
0 Comments
पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बारिश के कारण जहां शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, वहीं शुक्रवार को कैंपटी रोड क्षेत्र में एक बहुमंजिला भवन अचानक धराशायी हो गया। भवन गिरने की जोरदार आवाज सुनकर अंदर रह रहे पांच लोग तत्काल बाहर भागे और बाल-बाल अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भवन गिरने से पहले अचानक तेज आवाज हुई, जिसके बाद घर में मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकल आए। देखते ही देखते बहुमंजिला भवन भरभराकर नीचे आ गिरा।
हादसे में भवन के अंदर रखा पूरा सामान मलबे में दबकर तबाह हो गया। भवन में चार कमरे थे, जबकि छत पर रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा था। बहुमंजिला भवन को अचानक भरभराकर गिरते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गनीमत रही कि हादसे के समय भवन में मौजूद पांचों लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भवनों और सड़कों पर खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जर्जर भवनों का निरीक्षण कराने की मांग की है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!