उत्तराखंड के हल्द्वानी में बेल्ट लहराकर दहशत फैला रहे थे चार युवक, पुलिस ने लगाई क्लास तो जोड़ने लगे हाथ
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Aug 16, 2026 12:55
•
14 views
•
0 Comments
हल्द्वानी के दो नहरिया रोड पर सरेआम हुड़दंग कर हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डा. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लिया और हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को आरोपितों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। 14 अगस्त की शाम दो नहरिया रोड पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक सरेआम हुड़दंग करते दिखाई दिए थे। युवक हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों और आमजन को भयभीत कर रहे थे। वीडियो प्रसारित होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हल्द्वानी पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की तस्वीरों और अन्य माध्यमों से युवकों की पहचान की। पुलिस ने सीतेश आर्य निवासी दमुवाढूंगा, गोपाल आर्य निवासी दमुवाढूंगा, कुणाल बिष्ट निवासी दमुवाढूंगा और विशाल कुमार निवासी दमुवाढूंगा को गिरफ्तार किया। जांच में दो नाबालिग भी शामिल मिले, जिन्हें संरक्षण में लेकर समझाइश और परामर्श के बाद उनके स्वजन के सुपुर्द किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सीतेश आर्य शराब के नशे में मिला। उसके विरुद्ध शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य युवकों के विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, हेड कांस्टेबल इसरार, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, जगदीश और अजहर आदि मौजूद रहे। पुलिस ने मौके से दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल है, जिसके कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए। दूसरी रायल एनफील्ड मोटरसाइकिल संख्या यूके04एएस-4102 है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, गुंडागर्दी करने, राहगीरों को भयभीत करने अथवा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित ऐसे किसी भी वीडियो का पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगी, जिसमें सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई दे।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!