चमोली

उत्तराखंड चमोली के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी जारी, उत्तरकाशी में एक्सपीडिशन और ट्रेकिंग पर गए कई लोग फंसे, अलर्ट पर प्रशासन

सुरेन्द्र सिंह रावत By सुरेन्द्र सिंह रावत Sep 27, 2026 21:17 • 12 views • 0 Comments
उत्तराखंड चमोली के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी जारी, उत्तरकाशी में एक्सपीडिशन और ट्रेकिंग पर गए कई लोग फंसे, अलर्ट पर प्रशासन

उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी हो रही है, इसी बीच उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रेकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए 136 पर्वतारोही, ट्रेकर्स एवं सहयोगी स्टाफ फंस गए हैं, जिन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है, वहीं, डीएम प्रशांत आर्य ने बैठक लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं। उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने रविवार को आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों के अधिकारियों की बैठक ली और सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, सोमवार को मौसम की स्थिति का आकलन करने के लिए हेली से रेकी कराई जाएगी, आवश्यकता पड़ने पर हवाई रेस्क्यू शुरू किया जाएगा। 

प्रशांत आर्य, जिलाधिकारी, उत्तरकाशी ने कहा कि उच्च हिमालय में मौजूद सभी ट्रेकर्स और पोर्टरों को सुरक्षित स्थानों तक लाना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसके लिए विभिन्न ट्रैकिंग रूट और बेस कैंप में राहत एवं बचाव टीमों को सक्रिय कर दिया गया है, हेली सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक, उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कुल 136 लोग मौजूद हैं, इनमें हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के 89 सदस्य, कालिंदी पास बेस कैंप में हाई अल्टीट्यूड ट्रेकिंग के 18 सदस्य और ऑडन कोल पास बेस कैंप में 29 सदस्य शामिल हैं। बर्फबारी और मौसम को देखते हुए ट्रेकर्स के लिए पर्याप्त राशन, पैक्ड फूड एवं पेयजल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट करते हुए डॉक्टरों की टीम, जरूरी दवाइयां और एंबुलेंस नजदीकी स्थानों पर तैयार रखने को कहा गया है, ताकि, किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) और वन विभाग की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से सैटेलाइट संचार के माध्यम से अभियान दलों के गाइडों से लगातार संपर्क किया जा रहा है, ट्रेकिंग रूटों और बेस कैंप में मौजूद लोगों की स्थिति की जानकारी भी जुटाई जा रही है। मौके पर व्यवस्थाओं की निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र हर्षिल के लिए रवाना हो गई हैं, डीएम आर्य ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। इस वक्त उत्तराखंड में निचले इलाकों में भारी बारिश हो रही है, जबकि, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी भी रही है. केदारनाथ, गंगोत्री, हेमकुंड साहिब, आदि कैलाश, ओम पर्वत समेत अन्य इलाकों में बर्फबारी देखने को मिली है, मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।

 

 

सुरेन्द्र सिंह रावत

सुरेन्द्र सिंह रावत

Verified Reporter

Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.

Enjoyed this article?

Share it with your friends and colleagues.

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment