चमोली

चमोली में स्कूल जा रहे थे बच्चे, सामने आया भालू, जान बचाकर दौड़े बच्चे

सुरेन्द्र सिंह रावत By सुरेन्द्र सिंह रावत Sep 07, 2026 18:55 12 views 0 Comments
चमोली में स्कूल जा रहे थे बच्चे, सामने आया भालू, जान बचाकर दौड़े बच्चे

चमोली के पोखरी क्षेत्र में भालू का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज सुबह राजकीय इंटर कॉलेज गोदली जा रहे नैल, गुणम और सिदेली गांवों के 15 छात्र-छात्राओं के सामने ढोगडम तोक में अचानक भालू अपने दो शावकों के साथ आ गया। भालू को देखते ही बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए बच्चे चिल्लाते हुए वापस गांव की ओर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि भालू ने बच्चों पर हमला नहीं किया और सभी सकुशल घर पहुंच गए। प्रधानाचार्य रुपचंद सैलानी ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे नैल, गुणम और सिदेली गांवों के 15 छात्र-छात्राएं स्कूल आ रहे थे। इसी दौरान ढोगडम तोक में अचानक उनके सामने भालू और उसके दो बच्चे आ गए। भालू को सामने देखकर बच्चे बुरी तरह सहम गए और शोर मचाते हुए वापस घर लौट आए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद अभिभावकों से संपर्क कर बच्चों को फिलहाल घर में रहने की सलाह दी गई है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को अकेले स्कूल नहीं भेजने को कहा गया है। वन विभाग को भी घटना की सूचना दे दी गई है। नैल गांव के छात्र अरमान और मीनाक्षी ने बताया कि रास्ते में अचानक भालू अपने दो शावकों के साथ दिखाई दिया। भालू को देखते ही वे डर गए और जान बचाकर वापस भागे। लोगों का कहना है कि भालू की लगातार बढ़ती सक्रियता से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। अब बच्चों को स्कूल भेजना भी जोखिम भरा लग रहा है। उन्होंने वन विभाग से प्रभावित गांवों और स्कूल जाने वाले रास्तों पर गश्त बढ़ाने तथा भालू के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।

वन्यजीव प्रभाग नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं ने बताया कि क्षेत्र में वन कर्मियों की टीम पहले से ही लगातार गश्त कर रही है। भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कई स्थानों पर कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। डीएफओ रजत सुमन ने बताया कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। जिस स्थान पर छात्रों को भालू दिखाई दिया है, वहां भी टीम भेजकर गश्त कराई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों और स्कूली छात्र-छात्राओं से सतर्क रहने की अपील की है।  

सुरेन्द्र सिंह रावत

सुरेन्द्र सिंह रावत

Verified Reporter

Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.

Enjoyed this article?

Share it with your friends and colleagues.

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment