चंपावत में भाजपा ने कांग्रेस को दिया बड़ा झटका, नगर पंचायत अध्यक्ष सहित 31 लोगों ने थामा भाजपा का दामन
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Sep 15, 2026 14:38
•
1 views
•
0 Comments
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्वाचन जिले चंपावत में भाजपा ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों को झटका देते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल कराया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में सोमवार को पार्टी मुख्यालय में हुए कार्यक्रम में सभी नए सदस्यों का स्वागत किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि एक ही क्षेत्र से बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भाजपा में शामिल होना राज्य में पार्टी के पक्ष में बन रहा माहौल दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि यह माहौल अब सर्वे में भी प्रतिबिंबित होने लगा है। भट्ट ने कहा कि जनप्रतिनिधि उसी सरकार के साथ खड़ा होना चाहता है, जिसके कार्यकाल में उसके क्षेत्र में विकास की उम्मीद पूरी हो।
महेश ने कहा कि पिछले 12-14 वर्षों में गांवों तक सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी आई है। महेश भट्ट ने कहा कि चंपावत के लोगों ने पुष्कर धामी जैसा नेतृत्व राज्य को दिया है और यह नेतृत्व एक दिन निखर कर देश का नेतृत्व बनेगा। भट्ट ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में तीसरी विजय के लक्ष्य के लिए जुटने का आह्वान किया। पार्टी के अनुसार चंपावत जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी की प्रेरणा से यह ज्वाइनिंग हुई। इनमें नगर पंचायत पाटी के अध्यक्ष नारायण लाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संगठन गोविंद सिंह बोहरा, विभिन्न नगर निकायों के सभासद, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पूर्व यूथ कांग्रेस पदाधिकारी और छात्र नेता शामिल हैं।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!