लालकुआं के बिंदुखत्ता में बड़ी चोरी से मचा हड़कंप, 22 तोला सोना और 40 ग्राम चांदी के जेवरात उड़ाए
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Nov 19, 2026 15:55
•
13 views
•
0 Comments
लालकुआं के बिंदुखत्ता के सुभाष नगर के समीप दवाई फार्म निवासी गोधन सिंह बिष्ट के घर को चोरों ने निशाना बनाकर करीब 22 तोला सोने और चार तोला चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरों ने परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर वारदात को अंजाम दिया, जिससे किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। परिजनों के अनुसार, वारदात बीती रात करीब 12 से दो बजे के बीच हुई। चोरों ने पहले घर के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कीं और फिर जेवरात रखे कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे बॉक्स खंगाल दिए। इनमें गोधन सिंह बिष्ट की पत्नी और उनकी तीन बहुओं के आभूषण रखे थे।
गोधन सिंह ने बताया कि रात करीब 1:40 बजे उनके बेटों ने फोन कर कमरे की कुंडी बाहर से बंद होने की जानकारी दी। वह ऊपर पहुंचे और कुंडियां खोलीं। इसके बाद जेवरात वाले कमरे का ताला टूटा देख चोरी का पता चला। चोर झुमके, टॉप्स, पौजी, नथ, माला, अंगूठियां, मांगटीका और फूली समेत करीब 22 तोला सोना ले गए। इसके अलावा चार तोला चांदी के आभूषणों में पायल, कंगन, बिछुए और अंगूठी भी शामिल हैं। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
खास बात यह है कि करीब एक सप्ताह पहले सुभाष नगर निवासी धन सिंह रौतेला के पुत्र के घर में भी चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया था, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। लगातार हो रही चोरी की कोशिशों से क्षेत्रवासियों में दहशत है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। क्षेत्रवासियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!

