उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के दो लाख परीक्षार्थियों का इंतजार आज खत्म होगा। शनिवार सुबह 10 बजे शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत परिणाम की घोषणा करेंगे। इसके बाद परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि इस साल 215262 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। हाईस्कूल में 112276 और इंटर में 102986 परीक्षार्थी शामिल रहे। परीक्षा 21 फरवरी से 20 मार्च तक संपन्न हुई। 27 मार्च से 10 अप्रैल तक उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य किया गया।
बोर्ड की ओर डाटा पंचिंग के बाद 25 अप्रैल को परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती इसकी घोषणा करेंगे। इसके साथ ही वर्ष 2025 की सुधार परीक्षा द्वितीय के नतीजे भी जारी किए जाएंगे। बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि परीक्षा परिणाम जारी होने के साथ परीक्षार्थियों के कई सवाल होते हैं। नतीजों संबंधी, स्क्रूटनी समेत अन्य सवालों की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर बोर्ड के संयुक्त सचिव सीपी रतूड़ी 6396178537, शोध अधिकारी शैलेंद्र जोशी 7055513072, प्रशासनिक अधिकारी राजीव रावत 7830403040 को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि परिणामों के साथ ही परीक्षार्थी परीक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


