आज दिनांक 07 मई 2026 को डायल 112 द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि भाटिया भिकियासैंण के पास एक्सीडेंट हुआ है। कॉलर द्वारा बताया गया कि वाहन संख्या UK04F6683 की नंबर प्लेट रोड पर पड़ी हुई है तथा एक व्यक्ति रोड पर घायल अवस्था में पड़ा है। आसपास वाहन दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे वाहन के खाई में गिरने की संभावना जताई गई। उक्त सूचना थाना भतरौजखान, 108 सेवा, आपदा कंट्रोल व SDRF को दी गई।
सूचना पर SO भतरौजखान मय फोर्स मौके पर पहुंचे, जहां राजस्व, SDRF व स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही। मौके पर वाहन लगभग 150 मीटर नीचे खाई में गिरा हुआ मिला। रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन में सवार तीन व्यक्तियों की मृत्यु होने की पुष्टि हुई। मृतकों में भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत तथा कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत उम्र 32 वर्ष की पहचान हुई है, जबकि तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया गया कि तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे, जो रात्रि में ग्राम चमोली पुसेला में जागर लगाकर वापस अपने घर जा रहे थे। पुलिस द्वारा तीनों मृतकों को मौके से रेस्क्यू कर मोर्चरी रानीखेत भिजवाया जा रहा है तथा अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।


