विश्व प्रसिद्ध तुंगनाथ और चंद्रशिला क्षेत्र में दोपहर को अचानक मौसम ने खतरनाक रूप ले लिया, जिसके चलते ऊंचाई वाले इस संवेदनशील इलाके में आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे हड़कंप मच गया, जहां वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों के बुरी तरह से झुलसने की सूचना है, इस सूचना के बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र तत्काल सक्रिय हो गया है। जानकारी के मुताबिक, जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को शुक्रवार यानी 15 मई की दोपहर करीब 2 बजकर 22 मिनट पर पुलिस नियंत्रण कक्ष से आरटी सेट के माध्यम से चंद्रशिला-तुंगनाथ में बिजली गिरने की सूचना मिली, जिसमें बताया गया कि 2 लोग घायल हुए हैं, यह सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
रुद्रप्रयाग जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ (SDRF) और डीडीआरफ (DDRF) के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तत्काल अलर्ट कर मौके के लिए रवाना कर दिया गया है, दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्र में खराब मौसम के बीच रेस्क्यू अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है, घटना के समय क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, इससे आसपास मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, प्रभावित दोनों व्यक्तियों की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
नंदन सिंह रजवार ने कहा कि रेस्क्यू टीमों के मौके पर पहुंचने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी, फिलहालस, पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है, जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत दल भी भेजे जा सकते हैं, इस घटना के बाद प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों से खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतने व सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
