देहरादून में प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन से जुड़े पीआरडी जवानों ने रविवार को निरंजनपुर में हुई बैठक में सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाया गया। संगठन का कहना है कि प्रदेश में समान कार्य के लिए अलग-अलग नियम-कानून और वेतनमान लागू कर सरकार मानसिक और आर्थिक शोषण कर रही है।
वक्ताओं ने कहा कि जब होमगार्ड और अन्य वैकल्पिक कर्मियों को समान कार्य का समान वेतन दिया जा रहा है, तो पीआरडी जवानों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों ? संगठन ने मांग की कि पीआरडी जवानों को भी समान वेतन दिया जाए। चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया तो प्रदेश के पीआरडी जवान परिवार के साथ देहरादून कूच करेंगे। इस मौके पर संजय पंवार, गंभीर सिंह रावत, सुधीर तोमर, मनोज कुमार, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।
