अल्मोड़ा के चौखुटिया में चलती गाड़ी बनी आग का गोला, गाड़ी में सवार सभी यात्री सुरक्षित

अल्मोड़ा के चौखुटिया में दिनांक 12.06.2026 को डायल 112 के माध्यम से कला कपिल आर्या द्वारा सूचना दी गई कि उनकी कार में आग लग गई है तथा तत्काल सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली द्वाराहाट पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल ग्राम बैरती, ग्रीन वैली रेस्टोरेंट, चौखुटिया रोड पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि वाहन संख्या UK04AH3938 (निसान मैग्नाइट) में भीषण आग लगी हुई थी। होटल स्वामी बालम सिंह नेगी एवं वाहन में सवार व्यक्तियों द्वारा आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस टीम द्वारा भी तत्काल आग बुझाने के प्रयास किए गए, किन्तु आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर तुरंत नियंत्रण नहीं पाया जा सका। वाहन स्वामी कपिल आर्या पुत्र महेश चन्द्र आर्या, निवासी जवाहर ज्योति, जमरानी गेट के पास, जमरानी कॉलोनी, दमुआढूंगा, काठगोदाम, जनपद नैनीताल, जो वर्तमान में भारतीय स्टेट बैंक, गौचर (कर्णप्रयाग), जनपद चमोली में कार्यरत हैं, ने बताया कि दिनांक 12.06.2026 को बैंक कार्य समाप्त करने के उपरांत वह अपने साथियों शुभम एवं निखिल कोहली के साथ गौचर से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे।

- Advertisement -

लगभग शाम 05:15 बजे ग्राम बैरती स्थित ग्रीन वैली रेस्टोरेंट के समीप वाहन का क्लच अचानक कार्य करना बंद कर गया। वाहन को सड़क किनारे रोककर जांच करने पर इंजन के नीचे आग लगी हुई दिखाई दी। वाहन सवारों द्वारा तत्काल अपना आवश्यक सामान वाहन से बाहर निकाल लिया गया तथा रेस्टोरेंट से पानी की पाइप एवं मिट्टी की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलकर पूरे वाहन में लग गई। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। अल्मोड़ा पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयासों के साथ-साथ द्वाराहाट एवं चौखुटिया मार्ग से आने वाले वाहनों को सुरक्षित दूरी पर रोककर यातायात एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित की गई। कड़ी मशक्कत के बाद पानी एवं मिट्टी की सहायता से आग पर काबू पाया गया, हालांकि वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।

- Advertisement -

सौभाग्यवश इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रथम दृष्टया वाहन में आग लगने की घटना आकस्मिक प्रतीत होती है। वाहन स्वामी को आवश्यक वैधानिक कार्यवाही हेतु थाना आकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करने हेतु अवगत कराया गया है। यातायात व्यवस्था पूर्णतः सुचारु है। अल्मोड़ा पुलिस आमजन से अपील करती है कि वाहन में किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी अथवा आग जैसी आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर डायल 112 पर सूचना दें।

- Advertisement -
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version