हरिद्वार में शनिवार को आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। हरकी पैड़ी और आसपास के बाजारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज हवाओं के कारण कई होटलों की खिड़कियों के शीशे टूट गए, जबकि दुकानों और भवनों की टीन की छतें उड़ गईं। आंधी-तूफान के दौरान एक तीर्थयात्री घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए मेला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, अपर रोड क्षेत्र में तेज हवाओं और उड़ते सामान के बीच तीर्थयात्रियों को जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। तेज आंधी के कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी गई और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। शनिवार को हरिद्वार और देहरादून के बीच मोतीचूर रेलवे रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक विशालकाय पेड़ गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, हादसे के वक्त रेलवे ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी और एक यहां एक बड़ा हादसा टल गया। पेड़ गिरने से रेल यातायात प्रभावित जरूर हुआ है। मौके पर पर आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे अधिकारियों की टीम पहुंच गई है। पेड़ को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। आंधी-तूफान से हरिद्वार की राज विहार फेज 2 कॉलोनी में भी एक विशालकाय पेड़ गिर गया। यहां डिवाइन लाइट स्कूल के पास पेड़ गिरने से दो विद्युत पोल टूटकर नीचे गिर गए। पेड़ गिरने मार्ग अवरुद्ध हो गया और आसपास के इलाके में। विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
