हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में गुलदार के आतंक से लोग दहशत में हैं, यहां पिछले कई दिनों से गुलदार की दहशत बनी हुई है, बहादराबाद क्षेत्र के रोहालकी किशनपुर गांव में दो दिन के भीतर तीन लोगों पर गुलदार के हमले से लोग सहम गए हैं, एक दुकानदार पर हमले के बाद देर रात गुलदार ने मामा भांजे पर भी हमला कर दिया, उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई, सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, गुलदार के हमलों के बाद लोगों ने हंगामा किया और वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की, ग्रामीणों की मांग पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गांव में पिंजरे लगा दिए हैं।
32 वर्षीय किसान कपिल कुमार अपने 12 वर्षीय भांजे के साथ बहादराबाद बाजार से वापस घर लौट रहे थे, तभी रोहालकी किशनपुर गांव स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज के पास गुलदार ने उन पर हमला कर दिया, कपिल के पैर पर गुलदार के पंजे के निशान आ गए, उससे पहले भी एक शनिवार रात को एक बाइक सवार पर भी हमला किया, दुकानदार ललित चौहान अपनी दुकान बंद कर घर वापस लौट रहे थे, तभी अचानक रास्ते में उन पर गुलदार झपट पड़ा, गुलदार के हमले में ललित नियंत्रण खो बैठा और नीचे गिर पड़ा, बाइक से गिरने पर उन्हें काफी चोटें आई। हालांकि वन विभाग की टीम दोनों दिन गांव के आसपास गश्त पर पहुंची और गुलदार की तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया, वहीं लगातार हो रहे गुलदार के हमलों के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए हैं, लगातार दूसरे दिन गुलदार के हमले पर सोमवार को आमजन का गुस्सा फूट पड़ा, उन्होंने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया, उनका आरोप है कि इस क्षेत्र में गुलदार लगातार सक्रिय है, लेकिन वन विभाग अब तक ठोस कदम नहीं उठा पाया है, अफसर केवल आश्वासन दे रहे हैं, हालात जस के तस हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार के डर से खेतों में जाने से डर लग रहा है, बच्चे बाहर खेलने तक नहीं निकल रहे हैं, गुलदार को जल्द न पकड़ने पर ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी, ग्रामीणों के हंगामे के बीच वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराने के लिए पूरे क्षेत्र में जरूरत के अनुसार, कैमरे और पिंजरा लगाने का आश्वासन दिया, इसके बाद जाकर लोग शांत हुए, रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा वन विभाग की प्राथमिकता है, गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है, लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है, अकेले खेतों में नहीं जाएं, गुलदार को पकड़ने के लिए दो पिंजरे लगा दिए गए हैं, टीम को मौके पर तैनात कर दिया है और वनकर्मियों की गश्त भी बढ़ा दी गई है।



