हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पत्नी ने कहा कि पति का दूसरी महिला पर दिल आ गया है और वह उससे शादी करने की जिद में अड़ा है। इसका विरोध करने पर वह आए दिन मारपीट करता है। बनभूलपुरा थाना पुलिस को थी तहरीर में इन्द्रानगर काबुल गेट निवासी एक महिला ने बताया कि उसकी शादी को करीब ढाई वर्ष हो चुके हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति आए दिन उसके साथ मारपीट करने लगा।
पीड़िता का कहना है कि सलमान का किसी अन्य युवती से संबंध है और वह उससे शादी करने की जिद को लेकर अक्सर विवाद करता है। इस बात को लेकर पति उसके साथ झगड़ा करता है और कई बार मारपीट भी कर चुका है। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी देता है, जिससे उसे अपनी जान-माल का खतरा बना हुआ है। पीड़िता ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष डीएस फर्त्याल ने बताया कि मामले में पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


