चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित बापरू क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसके बाद वाहन में आग लग गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान डीडीहाट निवासी राजेन्द्र कुमार तथा कनालीछीना निवासी बलदेव कुमार के रूप में हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।


