उत्तराखंड के हल्द्वानी में वनभूलपुरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुटों में विवाद के बाद झड़प हो गई। इसी दौरान छठवीं के छात्र ने दूसरे के सिर पर चाकू घोंप दिया। इस हमले में पीड़ित के दाएं हाथ की दो अंगुलियां भी कट गई। घटना में चाकू मारने वाले छात्र के हाथ में भी चोट आई है। दोनों को बेस अस्पताल ले जाया गया। घायल छात्र के सिर पर 12 और हाथ में चार टांके लगाए गए। पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, गौलापार निवासी छठी कक्षा के छात्र का स्कूल के ही अन्य छात्रों से एक दो दिन से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को स्कूल बंद होने के बाद गेट के बाहर दोनों गुटों में हाथापाई हो गई। इसी दौरान वनभूलपुरा निवासी आठवीं का छात्र बचाव में उतरा तो गौलापार निवासी छठवीं के छात्र ने उसके सिर और हाथ पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में आठवीं के छात्र के सिर पर गहरा घाव हो गया जबकि दाए हाथ की दो अंगुलियां भी कट गईं। वहीं मारने वाले के हाथ में भी चाकू से घाव हो गया।
दोनों को आनन-फानन में बेस अस्पताल लाया गया। वनभूलपुरा एसएचओ डीएस फत्र्याल ने बताया कि दोनों छात्रों से विवाद के बारे में जानकारी ली जाएगी। प्रभारी प्रधानाचार्य दीपक रावत ने बताया कि छुट्टी के बाद गेट के बाहर घटना हुई। दोनों छात्रों के अभिभावकों को मामले की जानकारी दी है, उन्हें स्कूल बुलाया है। छात्र के पास से धारदार हथियार बरामद हुआ है। छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी हो रही है। वनभूलपुरा क्षेत्र में स्कूली छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद और उसके बाद हुई चाकूबाजी की घटना ने शहर के बुद्धिजीवियों और अभिभावकों को झकझोर कर रख दिया है। इस प्रवृत्ति को समाज और युवा पीढ़ी के लिए एक खतरनाक संकेत बताया है।
