चमोली के पठियालधार के जंगल की आग नर्सिंग कॉलेज तक पहुंची, जिससे सड़क किनारे खड़ी एक कार जलकर राख
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
May 29, 2026 10:14
•
1 views
•
0 Comments
गोपेश्वर के नगर के पठियालधार में सड़क किनारे खड़ी एक कार जंगल की आग से जल गई। नर्सिंग कालेज के चारों ओर आग लगी हुई थी। इसी की चपेट में सड़क किनारे खड...
गोपेश्वर के नगर के पठियालधार में सड़क किनारे खड़ी एक कार जंगल की आग से जल गई। नर्सिंग कालेज के चारों ओर आग लगी हुई थी। इसी की चपेट में सड़क किनारे खड़ी कार आने से जल गई। वहीं जिले में दोपहर बाद हुई वर्षा जंगलों की आग के लिए वरदान साबित हुई। जिले में चार से अधिक जगहों पर लगी आग वर्षा से बुझ चुकी है। साथ ही आसमान में छाया धुआं भी छंट चुका है। पिछले कई दिनों से जिले में कई जगह जंगल आग की चपेट में थे। जंगलों की आग बुझने का नाम नहीं ले रही थी। इससे आसमान में चारों ओर धुआं ही धुआं छाया हुआ था। साथ ही इससे तापमान भी बढ़ रहा था। चमोली जिले में बदीनाथ वन प्रभाग नंदप्रयाग चमोली रेंज, केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग गोपेश्वर रेंज व धनपुर रेंज में आग तेजी से फैल रही थी।
वहीं गुरुवार को जंगल की आग नगर में पठियालधार में नर्सिंग कालेज के पास तक पहुंच गई। यहां सड़क किनारे खड़ी एक कार आग की चपेट में आने से जल गई। हालांकि यहां मौजूद 20 से अधिक वाहनों को समय रहते हटा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। बाद में फायर ब्रिगेड ने यहां आग पर काबू पाया। जिले में लगी आग बुझने से वन विभाग सहित आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है। सोनला पेट्रोल पंप के समीप जंगलों में लगी आग के चलते पहाड़ी से अचानक पत्थर टूटकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरने लगे। इससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। हाईवे से गुजर रहे कई वाहन चालक पत्थरों से बाल-बाल बचे। पत्थर गिरने पर आधा घंटे के लिए हाईवे पर सुरक्षा को देखते हुए वाहनों को रोक दिया गया। सूचना मिलते ही अपर उप निरीक्षक जतन राणा मौके पर पहुंचे और हाईवे पर ट्रैफिक रुकवाया। साथ ही हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने खुद सड़क से पत्थरों को हटाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस की मौजूदगी में राष्ट्रीय राजमार्ग को साफ कर यातायात सुचारु कराया गया।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!