हरिद्वार में अज्ञात हमलावरों ने कांवड़िए को मारी गोली, गंगाजल लेकर लौट रहे थे नोएडा, हायर सेंटर रेफर
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Jun 01, 2026 05:36
•
2 views
•
0 Comments
हरिद्वार में गंगाजल लेकर लौट रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी, गोली लगने से कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया, देर रात हुए गोलीकांड...
हरिद्वार में गंगाजल लेकर लौट रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी, गोली लगने से कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया, देर रात हुए गोलीकांड से इलाके में हड़कंप मच गया, कनखल थाना क्षेत्र स्थित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे की यह घटना बताई जा रही है, यहां हाईवे के किनारे विश्राम कर रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारी गई, गंभीर रूप से घायल कांवड़िए को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, पुलिस ने रात को ही फरार आरोपियों की तलाश में घेराबंदी की।
घायल युवक की पहचान अजय के रूप में हुई है जो ग्रेटर नोएडा का रहने वाला है, वह अपने साथियों के साथ रविवार को हरिद्वार से गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहा था, रात अधिक होने के कारण कांवड़ियों का दल गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे रात्रि विश्राम करने लगा, कांवड़ियों के मुताबिक हाईवे के ऊपर बने पुल पर कुछ युवक शराब पी रहे थे, इस दौरान वो शोर शराबा और गाली गलौज भी कर रहे थे, कांवड़ियों ने उन्हें शोर न मचाने की बात कही, जिस पर विवाद हो गया, आरोप है कि कुछ देर बाद वे युवक पुल से नीचे आए और आराम कर रहे कांवड़ियों के पास आ धमके। इससे पहले कि कांवड़िये कुछ समझ पाते तभी हमलावरों ने अजय के सीने से सटाकर गोली चला दी, सीने की जगह कंधे पर गोली लगते ही अजय घायल हो गया, जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई और अजय गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़ा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कांवड़िए को नजदीक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ऋषिकेश एम्स हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, देर रात करीब बारह बजे गोली चलने के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई, शोर सुनकर आसपास ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भी दौड़ लगाई और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल भी मौके पर छोड़कर गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि पांच से छह हमलावर अन्य बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए, घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने कांवड़ियों से घटना की जानकारी ली और आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कराई, घायल अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा जा रहा था, दल में करीब दस गौ सेवक शामिल थे।कांवड़ियों को लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी, रात होने के चलते वो गुरूकुल कांगड़ी विश्विद्यालय के पास हाईवे के किनारे रात्रि विश्राम के लिए रुके थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने दल में शामिल अजय नाम के युवक को गोली मार दी और फरार हो गए, फिलहाल हायर सेंटर में अजय का इलाज जारी है, घटना के बाद स्थानीय गौ सेवक भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!