उत्तराखंड के पांच हजार जरूरतमंदों को मिलेगा PM आवास का तोहफा, भव्य समारोह में चाबियां सौंपेंगे CM धामी
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Feb 17, 2026 05:22
•
1 views
•
0 Comments
उत्तराखंड में इस माह 5,000 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार किए गए आवासों की चाबी सौंपी जाएगी। सभी आवासों का निर्माण कार्य पूरा कर...
उत्तराखंड में इस माह 5,000 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार किए गए आवासों की चाबी सौंपी जाएगी। सभी आवासों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। आवास सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष श्याम अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का समय मिलते ही राज्य स्तर पर एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें लाभार्थियों को चाबियां प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के लाभार्थी वर्चुअल माध्यम से भी जुड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर समेत कई जिलों में यह आवास तैयार किए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में बहुमंजिला ईडब्ल्यूएस आवास और ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के मकानों काे बनाने के लिए आर्थिक मदद दी गई है। उपाध्यक्ष श्याम अग्रवाल ने बताया कि इन आवासों में शौचालय, विद्युत कनेक्शन, स्वच्छ पेयजल और रसोई की सुविधा है। कई स्थानों पर उज्ज्वला योजना और सौभाग्य योजना से भी लाभार्थियों को जोड़ा गया है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है।
ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में योजना के तहत किस्तों की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है। इससे निर्माण प्रक्रिया में पारदर्शिता आई और समय पर कार्य पूरा हुआ। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे। आगामी चरणों में और अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ा जाएगा। कहा, आवास निर्माण से राज्य में न केवल गरीब और निम्न आय वर्ग के लोगों को सुरक्षित आवास मिल रहा है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और निर्माण गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!