चमोली में गड़कोट के पास वाहन खाई में गिरने से चालक की मौत, दो घायल; एक को एयरलिफ्ट कर लाया गया एम्स ऋषिकेश
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Nov 10, 2025 14:33
•
1 views
•
0 Comments
सुबह मींग गदेरा–हंसकोटी–खैनोली मोटर मार्ग पर सड़क हादसे में बुलेरो टैक्सी वाहन के गहरी खाई में गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में...
सुबह मींग गदेरा–हंसकोटी–खैनोली मोटर मार्ग पर सड़क हादसे में बुलेरो टैक्सी वाहन के गहरी खाई में गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक घायल को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है, जबकि दूसरे घायल को कर्णप्रयाग उपजिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
राजस्व उपनिरीक्षक गड़कोट रोशन कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे मींग गदेरे से गड़कोट की ओर आ रही बुलेरो टैक्सी गड़कोट गांव के पास लैलाछीना तोक में अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक प्रकाश सिंह (35) पुत्र बलवीर सिंह, ग्राम गड़कोट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन में सवार दर्शन सिंह (36) और उनके छोटे भाई विक्रम सिंह (26) पुत्र पुष्कर सिंह, निवासी ग्राम ग्वाड़ लगा गड़कोट गंभीर रूप से घायल हो गए।
विक्रम सिंह को पहले कुलसारी में थराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया। दूसरे घायल दर्शन सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग रेफर किया गया है।
चिकित्सा प्रभारी डा. नवीन डिमरी ने बताया कि दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक चालक के शव का पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया है। हादसे से गड़कोट एवं आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।
क्षेत्रवासियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। विधायक भूपाल राम टम्टा तथा ब्लाक प्रमुख गणेश चंदोला ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक के स्वजन के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!