कांग्रेस विधायक ने खुले मंच से सीएम धामी के समर्थन में लगाए नारे, जनता से भी कहा- 'बोलो पुष्कर सिंह धामी जिंदाबाद'
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Apr 06, 2025 07:24
•
2 views
•
0 Comments
द्वाराहाट से कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट फिर सुर्खियों में हैं। विधायक ने बीते रोज खुले मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समर्थन में खुद नारे...
द्वाराहाट से कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट फिर सुर्खियों में हैं। विधायक ने बीते रोज खुले मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समर्थन में खुद नारे लगाने के साथ जनता को भी इसके लिए प्रेरित किया। इंटरनेट मीडिया पर उनका वीडियो प्रसारित हो रहा है। विधायक ने साफ किया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष शर्त रखी थी कि यदि वह उनके विधानसभा क्षेत्र की छह प्रमुख मांगों की घोषणा में शामिल करते हैं तो उनका स्वागत कराएंगे और समर्थन में नारे भी लगावाएंगे। गत शुक्रवार को मुख्यमंत्री धामी चौखुटिया में आठौं कातिक के चतुर्थ दिवस के उद्घाटन अवसर पर पहुंचे थे।
कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट ने सीएम के समक्ष जीआइसी द्वाराहाट का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी इंद्र लाल साह राजकीय इंटर कालेज रखने, सीएचसी चौखुटिया में 50 बेड की स्वीकृति, रामगंगा नदी व गगास में तटबंध निर्माण समेत छह मांगें रखीं थीं। मुख्यमंत्री ने मांगों को मान लिया और अधिकतर की घोषणा भी कर दी। इस पर विधायक मदन ने कहा कि विपक्षी विधायक होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर अमल किया।
विधायक मदन बिष्ट ने उपस्थित जन समुदाय से कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समर्थन में उनके साथ नारे लगाएं। विधायक ने पुष्कर सिंह धामी जिंदाबाद के नारे लगाए तो जनता ने भी साथ दिया। यही नहीं, पूरे मंच पर वह केंद्र बिंदु बने रहे और खूब तालियां भी बटोर गए। उधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने विधायक मदन बिष्ट के इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो का जिक्र करते हुए प्रतिक्रिया दी। दसौनी ने कहा कि मदन बिष्ट ने जनप्रतिनिधि होने का दायित्व निभाया है। मुख्यमंत्री मात्र भाजपा के नहीं, समस्त प्रदेशवासियों के होते हैं।
स्थानीय विधायक होने के नाते मदन बिष्ट को प्रोटोकाल के अंतर्गत कार्यक्रम में उपस्थित होना था। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर वीडियो तोड़-मरोड़कर चलाया जा रहा है। विधायक की स्थानीय जनता के जिम्मेदारी, जवाबदेही और प्रतिबद्धता सर्वोपरि है। प्रदेश कांग्रेस को गर्व है कि मदन बिष्ट जनप्रतिनिधि के तौर पर खरे उतरे और वैचारिक मतभेद को क्षेत्र के विकास के आड़े नहीं आने दिया।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!