जिला पंचायत अध्यक्ष की सीटों पर भाजपा का परचम, कांग्रेस एक पर सिमटी
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Aug 14, 2025 15:41
•
1 views
•
0 Comments
टिहरी इशिता सजवाण भाजपा यूएस नगर अजय मौर्य भाजपा चंपावत आनंद सिंह अधिकारी भाजपा पिथौरागढ़ जितेंद्र प्रसाद भाजपा उत्तरकाशी रमेश चौहान भाज...
- टिहरी इशिता सजवाण भाजपा
- यूएस नगर अजय मौर्य भाजपा
- चंपावत आनंद सिंह अधिकारी भाजपा
- पिथौरागढ़ जितेंद्र प्रसाद भाजपा
- उत्तरकाशी रमेश चौहान भाजपा
- चमोली दौलत सिंह बिष्ट भाजपा
- अल्मोड़ा हेमा गैड़ा भाजपा
- रुद्रप्रयाग पूनम कठैत भाजपा
- पौड़ी रचना बुटोला भाजपा
- बागेश्वर शोभा आर्या भाजपा
- देहरादून सुखविंदर कौर कांग्रेस
(नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के नतीजे आना शेष हैं, जबकि हरिद्वार जिले में पंचायत चुनाव नहीं हुए हैं।)
प्रदेश के 10 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया है जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में आई है। अभी नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष का नतीजा आना बाकी है।
चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने एकतरफा जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर दौलत सिंह बिष्ट और उपाध्यक्ष पद पर लक्ष्मण सिंह जीते। जीत के बाद भाजपाइयों में जश्न का माहौल है। बृहस्पतिवार सुबह दस बजे जिला पंचायत सभागार में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। अपराह्न तीन बजे के बाद मतगणना शुरू हुई। कुल 26 सदस्यों में से अध्यक्ष पद पर नंदानगर के मटई वार्ड से सदस्य जीते भाजपा प्रत्याशी दौलत सिंह बिष्ट को 19 मत मिले जबकि ज्योतिर्मठ के उर्गम वार्ड से जीती सदस्य कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी रमा देवी को पांच मत मिले और दो मत निरस्त हुए। इस तरह दौलत सिंह ने 14 मतों से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर रानो वार्ड से जीते सदस्य भाजपा समर्थित लक्ष्मण सिंह ने 15 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी देवर खडोरा वार्ड से सदस्य बने जय प्रकाश पंवार को 11 मत मिले। विजेता अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप तिवारी ने प्रमाणपत्र प्रदान किए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान पुलिस बल तैनात रहा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा को मिली जीत 2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक का संदेश है। उन्होंने 85 प्रतिशत ग्राम प्रधान और 70 प्रतिशत ब्लॉक प्रमुख के पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के घोषित 11 परिणामों में से 10 में जीत दर्ज कर ली है। नैनीताल का परिणाम आना अभी बाकी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछली बार भाजपा के 50 ब्लाॅक प्रमुख जीते थे। इस बार हम 63 ब्लाॅक प्रमुख बनाने में सफल हो रहे हैं। पंचायत चुनाव के नतीजे बता रहे हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा की लहर थी। देवभूमि की जनता भाजपा के साथ खड़ी है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के 11 जिलों के परिणाम आएं हैं। इनमें से 10 जगह भाजपा की जीत हुई है। उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने मेहनत और लगन के साथ पार्टी को जीत के मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने पार्टी की जीत का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार को भी दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत सरकार के विकास कार्यों पर मुहर है। भट्ट ने कहा कि यह 2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक बनाने की ओर संदेश है। देहरादून में मिली हार पर भट्ट ने कहा कि पार्टी इस पर मंथन करेगी। सारे नतीजे आने के बाद समीक्षा की जाएगी। कहा कि हम तो जीत और हार दोनों में समीक्षा करते हैं। जहां हारे वहां जीत को आगे बढ़ाते हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा, नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की खुली गुंडागर्दी सामने आई है। कांग्रेस पार्टी के समर्थन में वोट डालने जा रहे जिला पंचायत सदस्यों को गुंडागर्दी के बल पर उठाया गया। हरीश रावत ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा, नैनीताल हमारी शान है। यहां की जिला पंचायत का एक अभूतपूर्व व सम्मानजनक इतिहास रहा है। बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को भाजपा ने गुंडागर्दी के दम पर कब्जाने का प्रयास किया। पूर्व विधायक संजीव आर्य के साथ मारपीट की गई। साथ ही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को धक्का दिया गया। पूरे उत्तराखंड को भाजपा के इस गुंडागर्दी के खिलाफ आवाज उठानी होगी। राज्य निर्वाचन आयोग का दायित्व है कि वोट डालने से वंचित जिला पंचायत सदस्यों से वोट डलवाए जाएं।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!