देहरादून में भीषण सड़क हादसा, कई वाहन आपस में भिड़े, स्कॉर्पियो में धमाके के बाद लगी आग, दो की मौत
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Mar 09, 2026 09:31
•
1 views
•
0 Comments
रायवाला थाना क्षेत्र के मोतीचूर फ्लाईओवर पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में कई वाहन आपस में टकरा गए। हादसे के दौरान महिंद्रा स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी...
रायवाला थाना क्षेत्र के मोतीचूर फ्लाईओवर पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में कई वाहन आपस में टकरा गए। हादसे के दौरान महिंद्रा स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी सिलेंडर में संभावित धमाके के बाद आग लग गई, जिसकी चपेट में रोडवेज बस भी आ गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 9:45 बजे देहरादून से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस (UK04PA1678) की मोतीचूर फ्लाईओवर पर गॉडविन होटल के सामने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई।
इसी दौरान पीछे से आ रही महिंद्रा स्कॉर्पियो बस से जा भिड़ी। हादसे के बाद पीछे से आ रहा एक लोडेड ट्रक (HR46E0605) और महिंद्रा एक्सयूवी 3X0 भी आपस में टकरा गए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई और कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी सिलेंडर के ब्लास्ट होने की आशंका है, जिसके चलते स्कॉर्पियो और रोडवेज बस में आग लग गई और दोनों वाहन बुरी तरह जल गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया।
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद क्षेत्र निवासी कुसुम (30) और सचिन (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गुलशन (11), सुभाष (40), विक्की (28), आरव (6), लबी (19), नीतू (35), सोनिया (12), अंशिका (6) और दिव्यांशु (8) समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात सुचारु करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि पूरे मामले की जांच भी की जा रही है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!