देहरादून में फर्जी भारतीय पहचान पत्रों के साथ 3 विदेशी महिलाएं गिरफ्तार, बिहार कनेक्शन आया सामने
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Mar 30, 2026 06:38
•
1 views
•
0 Comments
देहरादून में फर्जी भारतीय दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से रह रही तीन विदेशी महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई राज्य में संदिग्ध और...
देहरादून में फर्जी भारतीय दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से रह रही तीन विदेशी महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई राज्य में संदिग्ध और बाहरी लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत की गई। पकड़ी गई महिलाओं में दो उज्बेकिस्तान तथा एक अन्य किर्गिस्तान की रहने वाली है। इन महिलाओं में एक का बिहार कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, रायपुर क्षेत्र के सांई कॉम्पलैक्स स्थित एक फ्लैट में रह रही इन महिलाओं पर शक होने पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान इनके पास मौजूद भारतीय दस्तावेज फर्जी पाए गए। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उनकी असल पहचान सामने आई।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान किर्गिस्तान निवासी एरिका (29) और उज्बेकिस्तान की रहने वाली करीना (30) व निगोरा नीम (32) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके कब्जे से एक पासपोर्ट, तीन आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, किर्गिस्तान का एक पहचान पत्र, आधार कार्ड की फोटोकॉपी, दो बैंक पासबुक, सात मोबाइल फोन और विदेशी मुद्रा के पांच नोट बरामद किए हैं। पूछताछ में एरिका ने बताया कि वह वर्ष 2023 में एक साल के वीजा पर भारत आई थी, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी वापस नहीं लौटी। वहीं, करीना और निगोरा वर्ष 2022 और 2023 में नेपाल सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थीं। तीनों की मुलाकात दिल्ली में हुई, जहां एक परिचित की मदद से उन्होंने फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि निगोरा को पहले बिहार पुलिस द्वारा फर्जी दस्तावेजों के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जमानत पर रिहा होने के बाद भी वह भारत में अवैध रूप से रह रही थी। पिछले छह-सात महीनों से तीनों महिलाएं देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर रह रही थीं। पुलिस ने बताया कि तीनों के खिलाफ रायपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आप्रवास एवं विदेशियों से जुड़े विधेयक, 2025 की धारा 23 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही, फर्जी दस्तावेज तैयार करने में मदद करने वाले लोगों की पहचान भी कर ली गई है, जिनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!