ऋषिकेश में देहरादून मार्ग पर काली मंदिर के पास मंगलवार को दो बसों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के दौरान एक कार भी इसकी चपेट में आ गई। हादसे में दोनों बसों के साथ कार को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी वाहनों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में कार सवार तीन लोग और बसों में बैठे दो यात्री घायल हो गए। कार सवारों को जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बस में घायल हुए दो यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि राजस्थान और मध्य प्रदेश के 24 श्रद्धालुओं को लेकर एक बस देहरादून की ओर जा रही थी, जबकि 27 स्थानीय सवारियों से भरी दूसरी बस देहरादून से ऋषिकेश आ रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लोकल बस द्वारा ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान दोनों बसों की टक्कर हो गई।
