उत्तराखंड की राजधानी में युवतियों पर हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मच्छी बाजार हत्याकांड का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब चंद्रबनी चौक के पास एक युवती पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके सिर पर 8 से 9 टांके लगाने पड़े।
जानकारी के मुताबिक चकराता रोड स्थित सैय्यद मोहल्ला निवासी पीयूष जोशी ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी चचेरी बहन गुरुवार रात करीब 8 बजे अपने दोस्तों के साथ चंद्रबनी चौक स्थित एक कैफे में कॉफी पीने गई थी। इसी दौरान कैफे में मौजूद आयुष रावत, सूरज राणा और हिमांशु नाम के युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।आरोप है कि बहस बढ़ने पर तीनों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और फिर चापड़ से युवती के सिर पर वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि युवती लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवती को उसके साथियों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर 8 से 9 टांके लगाए। आईएसबीटी चौकी इंचार्ज आशीष कुमार ने कहा कि पीड़िता के भाई की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कैफे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में ले ली है। आरोपियों के घरों पर दबिश दी गई, लेकिन वे फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
