अल्मोड़ा जिले में साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब साइबर ठग ने देघाट थाना क्षेत्र में 70 साल के बुजुर्ग व्यवसायी को मनी लॉड्रिंग में कार्रवाई का डर दिखाकर 10 दिन तक डिजिटल अरेस्ट किया। जब तक बुजुर्ग को कुछ समझ में आता तब तक ठग करीब 19 लाख रुपये हड़प चुके थे। बुजुर्ग की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
देघाट पुलिस के मुताबिक उदयपुर गांव निवासी व्यवसायी की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया है कि 25 अगस्त को उन्हें एक ह्वाट्सएप वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपनी शक्ल नहीं दिखाई। कहा कि आपका फोन नंबर गलत काम में इस्तेमाल हो रहा है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारी आपसे बात करेंगे। इसके बाद कथित दिल्ली पुलिस स्टेशन से उन्हें वीडियो कॉल आई। कहा कि आप केनरा बैंक में धोखाधड़ी करने वालों के साथ मिले हुए हैं। आप पर मनी लांड्रिग का केस बनता है। ठग ने उन्हें दस दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा और 18.80 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। प्रभारी एसओ गंगा राम सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
