देहरादून के मोहब्बेवाला स्थित विंडलास फैक्ट्री के कर्मचारियों ने आज दूसरे दिन भी वेतन बढ़ोतरी को लेकर गेट के बाहर प्रदर्शन किया, कर्मचारियों की मांग है कि जबतक कर्मचारियों का वेतन 20 हजार रुपए नहीं हो जाती, तब तक वो धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे, वहीं, फैक्ट्री के बाहर प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए BNS धारा-163 लागू कर दी है, यह आदेश उप जिला मजिस्ट्रेट (सदर) द्वारा जारी किया गया है, प्रशासन को मिली रिपोर्ट में बताया गया कि, 16 मई को फैक्ट्री में कार्यरत कुछ श्रमिकों द्वारा फैक्ट्री के दोनों गेटों के बाहर सड़क पर प्रदर्शन और नारेबाजी की गई थी, जिससे शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका जताई गई।
जिस तरह से कर्मचारी फैक्ट्री के बाहर दो दिन से सैकड़ों की संख्या में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, उसे देखते हुए प्रशासन ने फैक्ट्री के दोनों गेटों के बाहर पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया है, आदेश के तहत किसी भी व्यक्ति को लाठी, डंडा, तलवार, चाकू या अन्य हथियार लेकर चलने की अनुमति नहीं होगी, इसके साथ ही हिंसा के लिए इस्तेमाल हो सकने वाली वस्तु जैसे ईंट, पत्थर या किसी भी प्रकार की ऐसी वस्तु को लेकर आने पर भी रोक लगाई गई है, धारा-163 के तहत भड़काऊ भाषण, नारेबाजी, पोस्टर, बैनर, पर्चे या साम्प्रदायिक भावना भड़काने वाली किसी भी गतिविधि पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना पूर्व अनुमति किसी भी प्रकार का धरना, प्रदर्शन, जुलूस या सार्वजनिक सभा आयोजित नहीं की जा सकेगी। इसके अलावा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है, प्रशासन का कहना है कि यह आदेश क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से लागू किया गया है।
