हरिद्वार में रील बनाने के चक्कर में गंगा में उतारी थार, बढ़ते जलस्तर से बीच नदी में फंसी

सोशल मीडिया पर रील बनाने की चाह एक बार फिर युवकों पर भारी पड़ गई। हरिद्वार के बजरीवाला क्षेत्र में कुछ युवक अपनी थार गाड़ी को गंगा नदी में उतारकर स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और वाहन बीच धारा में फंस गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी को बाहर निकलवाया और वाहन को सीज कर दिया। जानकारी के अनुसार युवक गंगा किनारे अपनी थार को पानी में चलाकर वीडियो बना रहे थे। तभी पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। पानी बढ़ने से वाहन नदी के बीच फंस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए आगे आते हुए थार को रस्सी से बांधकर बहने से रोका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

- Advertisement -

सूचना मिलने पर कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर काफी मशक्कत के बाद वाहन को सुरक्षित नदी से बाहर निकाला। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए। जांच में पता चला कि युवक रील बनाने और स्टंट करने के उद्देश्य से वाहन को गंगा नदी में लेकर गए थे। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए थार को सीज कर दिया और संबंधित युवकों को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में नदी के अंदर वाहन ले जाना बेहद खतरनाक है और यह कानून का उल्लंघन भी है। लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version