हल्द्वानी के लालकुआं क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की तीन बड़ी घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 20 तोला सोने के जेवर बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी किए गए जेवर एक पंखेनुमा हीटर की निचली प्लेट के अंदर छिपा रखे थे और उन्हें बेचने की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि 19 मई को बिन्दुखत्ता निवासी चन्द्रा देवी ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद लालकुआं थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को 2025 में हुई दो अन्य बड़ी चोरी की घटनाओं से भी समानता मिली। इसके बाद तीनों मामलों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई गई और करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने 23 मई को सूचना के आधार पर आरोपी को बिन्दुखत्ता क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान चोरी के जेवर हीटर के अंदर छिपे हुए मिले। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
