देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) ड्यूटी पर गए बीएलओ के साथ दो युवकों ने गाली-गलौज करने के बाद मारपीट कर दी। आरोप है कि दोनों आरोपित नशे में थे। बीएलओ की शिकायत पर कैंट कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी तहरीर में अमित कुमार सिंह प्रवक्ता राजकीय इंटर कालेज, मिसरास पट्टी ने बताया कि रविवार को वह एसआइआर ड्यूटी पर नई बस्ती जूनियर हाईस्कूल के निकट गए थे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि एसआइआर के तहत फार्म भरने के लिए वह पहले दे चुके हैं और अब फार्म वापस लेने गए थे। इसी दौरान आरोपित दो भाइयों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों मारपीट पर उतारू हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों भाई नशे में थे। कैंट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित सूरज मंडल व नीरज मंडल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
