हरिद्वार में नाई और मजदूर निकले बाइक चोर, पुलिस ने पकड़ा गिरोह

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अगुवाई में हरिद्वार पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

- Advertisement -

एसपी सिटी पंकज गरौला ने बताया कि यह गिरोह उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सक्रिय था। ये गिरोह भीड़-भाड़ वाले इलाकों से बाइक चोरी कर उन्हें सस्ते दामों पर बेचता था और भारी मुनाफा कमाता था। जांच में पता चला कि आरोपी कांवड़ मेले के दौरान भी कई बाइकें चोरी कर चुके थे। चोरी की बाइकें छिपाने के लिए गिरोह ने बहादराबाद के पास एक खंडहर को अपना ठिकाना बना रखा था।

- Advertisement -

पुलिस ने मुखबिर तंत्र और डिजिटल सर्विलांस की मदद से गिरोह तक अपनी पहुंच बनाई और दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहित ट्रैक्टर चालक है, आस मोहम्मद पेशे से हेयर ड्रेसर है, जबकि दीपक पाइप लाइन खोदने का काम करता है। तीनों की पहचान लक्सर क्षेत्र के निवासी मोहित, आस मोहम्मद और दीपक के रूप में हुई है। गिरोह का चौथा सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस का मानना है कि इस बड़ी कार्रवाई से देहात क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की वारदातों पर कड़ी रोक लगेगी और आम जनता को राहत मिलेगी।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version