ऊधम सिंह नगर में रेशमबाड़ी हत्याकांड मामले के दो और आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Nov 29, 2026 07:37
•
7 views
•
0 Comments
उधम सिंह नगर के रुद्रपुर रेशमबाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपितों को शनिवार देर रात काशीपुर हाईवे से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपितों के पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही हत्याकांड में नामजद सभी छह आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया की गुरुवार रात फैक्ट्री में ड्यूटी पूरी करने के बाद घर पहुंचे सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले में पुलिस ने विनोद कश्यप, सुभाष राठौर, प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चंद्रा, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बगवाड़ा मंडी के पास से रेशमबाड़ी निवासी सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह और विनोद कश्यप को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद शनिवार तड़के रिंग रोड पर पुलिस मुठभेड़ के दौरान शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर को गिरफ्तार किया। वहीं, शाम को अरुण ठाकुर को भी पुलिस ने पकड़ लिया था। जबकि प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप फरार चल रहे थे। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि दोनों फरार आरोपित बाइक से कहीं भागने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस टीम ने उनकी काशीपुर हाईवे पर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देख वह मुड़ने लगे तो बाइक रपट गई।
खुद को पुलिस से घिरा देख दोनों आरोपितों खेत की और भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी और प्रियांशु कश्यप के पैर में गोली लग गई। दोनों को घायल अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!

